
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इस सीजन आईपीएल में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी से बेहद प्रभावित नजर आए। सचिन ने खास तौर पर उनकी “सीधी लाइन और वॉबली सीम” वाली रणनीति की जमकर तारीफ की, जिसने बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान कर दिया।
36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 विकेट लिए और टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे। भारत के लिए आखिरी बार 2022 में खेलने वाले मेरठ के इस अनुभवी गेंदबाज ने न सिर्फ अनुभवी बल्लेबाजों को मुश्किल में डाला, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी खूब परेशान किया।
सचिन तेंदुलकर ने ‘X’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “भुवनेश्वर कुमार इस सीजन वास्तव में बहुत शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। पिछले सीजन में वह बड़ी आउटस्विंगर और फिर बड़ी इनस्विंगर गेंद डालते थे। शायद यह उनका सोचा-समझा फैसला था। लेकिन इस बार वह जितना संभव हो सके उतनी सीधी गेंदबाजी कर रहे हैं।”
सचिन ने आगे बताया कि बल्लेबाज उनकी कलाई की पोजिशन पढ़ नहीं पा रहे और इसी वजह से भ्रमित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, “भुवी वॉबली सीम के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और गेंद पिच पर पड़ने के बाद बल्लेबाज समझ नहीं पा रहे कि गेंद किस दिशा में जाएगी। उनकी लाइन और लेंथ बेहद सटीक रही है। वह लगातार ऑफ स्टंप या अधिकतम चौथे स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी कर रहे हैं। उसी चैनल से सीधी गेंद डालते हैं और सीम हिलती रहती है। बल्लेबाजों को उनकी कलाई से कोई संकेत नहीं मिलता और यही भ्रम पैदा कर रहा है।”








