
राजस्थान रॉयल्स के लिए पूरे IPL सीजन में चर्चा का केंद्र बने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब भारत के लिए खेलने के लिए तैयार हैं। यह मानना है टीम के कोच कुमार संगकारा का।
हालांकि शुक्रवार को क्वालिफायर 2 में वैभव के 96 रन भी राजस्थान को फाइनल तक नहीं पहुंचा सके और टीम गुजरात टाइटंस से सात विकेट से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
लेकिन पूरे सीजन में वैभव का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और बल्लेबाजी सूची में शीर्ष पर रहे।
लगातार दूसरी बार शतक से चूकने के बावजूद उन्होंने न्यू चंडीगढ़ में 47 गेंदों पर 96 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल थे।
AFP के अनुसार संगकारा ने कहा, “वैभव ने दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ जो प्रदर्शन किया है, उसे देखकर मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि उसे बहुत जल्द भारत टीम से बुलावा मिलेगा। उसने काफी मैच्योर बल्लेबाजी की है और इस सीजन हमारे लिए ओपनिंग साझेदारी की जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई है।”
इस मैच में वैभव ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो IPL में उनका सबसे धीमा पचासा था। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद उन्होंने पारी को संभाला और फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने जेसन होल्डर की गेंद पर सीधा छक्का लगाया। आखिर में कगिसो रबाडा की गेंद पर डीप थर्ड मैन पर कैच आउट हुए। यह आउट होने का तरीका एलिमिनेटर मैच जैसा ही था, जहां उन्होंने 29 गेंदों पर 97 रन बनाए थे।
संगकारा ने कहा, “हमें उसके इस सीजन पर बहुत गर्व है। हम सिर्फ यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि वह इसी तरह खेलता रहे, अपना निडर रवैया बनाए रखे और लगातार आगे बढ़ता रहे। मुझे लगता है कि आने वाले वर्षों में वह और भी बेहतर खिलाड़ी बनेगा।”
वैभव 13 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स से जुड़े थे और 14 साल की उम्र में 2025 में डेब्यू करते हुए 35 गेंदों में शतक जड़ दिया था।
पूर्व श्रीलंकाई कप्तान संगकारा ने कहा, “हमने उसके लिए एक अच्छा प्लान तैयार किया है। हम उसके दिमाग पर ज्यादा दबाव नहीं डालते। वह हमारी सभी टीम मीटिंग्स में आता है, अपनी राय देता है, सुनता है और काफी होमवर्क भी करता है।”
उन्होंने आगे कहा, “हम उसके दिमाग में कोई गैरजरूरी बातें नहीं डालना चाहते। साफ दिमाग और उसी साहस के साथ बल्लेबाजी करना ही हम उससे देखना चाहते हैं।”
गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने भी वैभव की जमकर तारीफ की और कहा कि वह पहले से ही टी20 क्रिकेट के एलीट बल्लेबाजों में शामिल हैं।
पूर्व इंग्लैंड बल्लेबाज सोलंकी ने कहा, “मैंने किसी को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा। इस फॉर्मेट में वह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है।”
उन्होंने आगे कहा, “उसकी बायोमैकेनिक्स, हाथों की स्पीड और बल्लेबाजी का अंदाज अद्भुत है। आने वाले वर्षों में उसके खिलाफ खेलने वाली हर टीम के लिए उसे रोकना बेहद मुश्किल होने वाला है।”








