फ्रेंच ओपन: बालाजी-डेमोलिनर तीसरे दौर में पहुंचे, भांबरी-वीनस पुरुष युगल से बाहर!

भारत के एन श्रीराम बालाजी और उनके ब्राज़ीलियाई जोड़ीदार मार्सेलो डेमोलिनर ने शुक्रवार को फ्रेंच ओपन पुरुष युगल के तीसरे दौर में जगह बना ली।

बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी ने जर्मनी के याकोब शनाइटर और मार्क वाल्नर को 7-5, 6-2 से हराया। यह मुकाबला एक घंटा 27 मिनट तक चला।

हालांकि, भारत के युकी भांबरी और उनके न्यूजीलैंड के साथी माइकल वीनस का पुरुष युगल अभियान समाप्त हो गया। उन्हें इटली की जोड़ी सिमोने बोलेली और एंड्रिया वावासोरी के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा।

भांबरी और वीनस ने अपना दूसरे दौर का मुकाबला 3-6, 4-6 से गंवाया। यह मैच एक घंटा 20 मिनट तक चला।

इससे पहले इंडो-न्यूजीलैंड जोड़ी ने पहले दौर में अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो और मारियानो केस्टेलबोइम की जोड़ी को 7-5, 6-2 से हराया था।

हालांकि, युकी भांबरी का टूर्नामेंट में सफर अभी जारी है, क्योंकि उन्होंने अपनी जोड़ीदार एलेक्जेंड्रा पानोवा के साथ मिश्रित युगल के पहले दौर में जीत हासिल की थी।