सिंगापुर ओपन: पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन क्वार्टरफाइनल में पहुंचे, एचएस प्रणॉय बाहर!

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर ओपन सुपर 750 के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। वहीं एचएस प्रणॉय टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

सिंधु ने दूसरे दौर के मुकाबले में जापान की रिको गुंजी को सिर्फ 37 मिनट में 21-9, 21-12 से करारी शिकस्त दी।

अब क्वार्टरफाइनल में सिंधु के सामने कड़ी चुनौती होगी, जहां उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीय और ओलंपिक चैंपियन आन से यंग से होगा। सिंधु अब तक आन से यंग को एक भी मैच में नहीं हरा पाई हैं और उनके खिलाफ खेले गए सभी आठ मुकाबले हार चुकी हैं। पिछली बार दोनों की भिड़ंत पिछले साल चाइना ओपन में हुई थी।

वहीं 2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन भी क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए। दूसरे वरीय कुनलावुत वितिदसार्न ने पीठ की चोट के कारण मैच शुरू होने के तुरंत बाद ही रिटायर होने का फैसला किया। अब लक्ष्य का सामना जापान के कोकी वतानाबे से होगा।

पुरुष युगल में भारत की चौथी वरीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे के ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन को एक घंटे चले मुकाबले में 21-15, 11-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब उनका अगला मुकाबला मलेशिया के खाई शिंग कांग और आरोन ताई से होगा।

मिक्स्ड डबल्स में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी शानदार वापसी करते हुए क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने जापान के युता वतानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से हराया।

हालांकि एचएस प्रणॉय को निराशा हाथ लगी। दूसरा गेम जीतने के बाद वह निर्णायक गेम में लय बरकरार नहीं रख सके और सिंगापुर के लोह कीन यू के खिलाफ 18-21, 21-16, 15-21 से हार गए। यह मुकाबला 61 मिनट तक चला।