
मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बनी और इस सीजन सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह समेत टीम के स्टार खिलाड़ियों को खराब प्रदर्शन के कारण कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। हार्दिक पांड्या भी अपनी कप्तानी और बल्ले से खराब फॉर्म को लेकर लगातार निशाने पर रहे।
क्रिकबज़ पर एक्सपर्ट चर्चा के दौरान इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने सुझाव दिया कि मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या को रिलीज कर देना चाहिए। हालांकि उन्होंने तुरंत यह भी कहा, “और उनकी जगह कैमरून ग्रीन को लाना चाहिए।”
वॉन ने आगे कहा कि वह कभी समझ ही नहीं पाए कि हार्दिक ने गुजरात टाइटंस छोड़कर दोबारा मुंबई इंडियंस क्यों जॉइन की, जबकि गुजरात के साथ उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, टीम को लगातार दो आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया और एक खिताब भी जिताया था।
वॉन ने कहा, “नहीं, मैंने काफी देख लिया है। मुझे कभी समझ नहीं आया कि उन्हें वापस लाने की जरूरत क्या थी। वह गुजरात टाइटंस के साथ अच्छा कर रहे थे, वहां अलग खिलाड़ियों और अलग कोच के साथ उन्होंने ट्रॉफी भी जीती। मुझे लगता है मुंबई इंडियंस की टीम में बहुत सारे लोग फैसले लेने वाले हैं।”
हार्दिक 2024 सीजन से पहले दोबारा मुंबई इंडियंस में लौटे थे। उनके पहले सीजन में टीम अंक तालिका के निचले हिस्से में रही। अगले सीजन उन्होंने टीम को क्वालिफायर 2 तक पहुंचाया, लेकिन इस साल मुंबई प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच सकी।
पूर्व केकेआर टीम डायरेक्टर जॉय भट्टाचार्य ने भी वॉन की बात से सहमति जताई और कहा कि हार्दिक को रिलीज कर देना चाहिए क्योंकि यह प्रयोग सफल नहीं रहा।
उन्होंने कहा, “उन्हें रिलीज कर दो। टीम ने उनके साथ तीन सीजन बिताए हैं और साफ है कि यह प्रयोग काम नहीं किया।”
जॉय ने यह भी कहा कि हार्दिक को सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर रखना भी सही फैसला नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “इसका कोई मतलब नहीं बनता। उनके लिए सिर्फ खिलाड़ी बनकर खेलना मुश्किल होगा। मुंबई और हार्दिक दोनों के लिए अलग होना बेहतर रहेगा।”
इसके बाद वॉन ने फिर से ग्रीन-हार्दिक स्वैप का सुझाव दोहराया और कहा, “अगर हार्दिक कप्तानी जारी रखना चाहते हैं, तो उन्हें नए खिलाड़ियों के साथ होना चाहिए। शायद केकेआर। कोलकाता नई कप्तानी तलाश रही होगी। इसलिए मैं ग्रीन-हार्दिक स्वैप की बात कर रहा हूं।”








