
राजगीर, बिहार में खेले गए पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर-4 के पहले मुकाबले में भारत ने कई अवसर गंवा दिए और मौजूदा चैंपियन कोरिया के खिलाफ 2-2 की बराबरी पर संतोष करना पड़ा।
कोरियाई टीम ने मजबूत डिफेंस दिखाया और एक अंक हासिल किया, जबकि पजेशन और मौके बनाने के लिहाज से भारत बेहतर दिखा।
भारत की ओर से हार्दिक सिंह (8वां मिनट) और मनदीप सिंह (53वां मिनट) ने गोल किए, जबकि कोरिया के लिए जीहुन यांग (12वां मिनट) और ह्योनहोंग किम (14वां मिनट) ने गोल दागे। भारत का अगला मैच मलेशिया से होगा जबकि कोरिया चीन से भिड़ेगा।
पहली सीटी से पहले तेज बारिश की वजह से मैच लगभग 50 मिनट देर से शुरू हुआ। मिडफ़ील्ड में हार्दिक की ड्रिब्लिंग और सोलो रन ने शुरुआत से ही सबको प्रभावित किया।
भारत को दूसरे मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। सातवें मिनट में लगातार दो कॉर्नर मिलने के बावजूद गोल नहीं हो सका। एक मिनट बाद ही हार्दिक ने शानदार गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। सुखजीत सिंह ने हाफ लाइन पर गेंद छीनी और हार्दिक ने चार-पाँच खिलाड़ियों को ड्रिब्ल करते हुए गोलकीपर को छकाया।
हालाँकि भारतीय डिफेंस की ढिलाई ने 12वें मिनट में कोरिया को बराबरी करने का मौका दिया। जुगराज सिंह के अनावश्यक धक्के के कारण कोरिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे जीहुन यांग ने गोल में बदला। दो मिनट बाद ही किम के फ्लिक ने भारत को 1-2 से पीछे कर दिया।
कोरिया ने ज़ोनल हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय आक्रमणों को रोक दिया। 24वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत के पास पर जर्मनप्रीत का शॉट भी गोलकीपर किम ने रोक दिया और हाफ़टाइम तक भारत 1-2 से पीछे रहा।
दूसरे हाफ़ में भारत ने दबाव बनाया लेकिन मौके गंवाए। 41वें मिनट में सुखजीत गोल करने से चूक गए। इसके बाद अभिषेक भी गोलकीपर को छकाने में नाकाम रहे। तीसरे क्वार्टर के अंत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत का शॉट रोक दिया गया।
चौथे क्वार्टर में भी भारत ने लगातार मौके बनाए लेकिन फॉरवर्डलाइन की गलतियों ने उन्हें निराश किया। 49वें मिनट में जुगराज का पेनल्टी कॉर्नर शॉट रोका गया। जल्द ही मनदीप का शॉट भी किम ने बचा लिया।
आखिरकार 53वें मिनट में सुखजीत के पास पर मनदीप ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। अंत तक भारत ने दबाव बनाए रखा लेकिन विजयी गोल नहीं कर सका और मैच बराबरी पर खत्म हुआ।