आईपीएल 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की हार की असली वजह क्या रही!

शनिवार को चेन्नई में खेले गए आईपीएल मैच में दिल्ली कैपिटल्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव ने कहा कि लगातार चार ओवर में चार विकेट गिरना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही और टीम 4.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 61 रन बना चुकी थी। लेकिन इसके बाद मैच पलट गया और टीम 8 ओवर तक 76 रन पर 4 विकेट गंवा बैठी। इस दौरान केएल राहुल (18), पाथुम निसांका (41), अक्षर पटेल (1) और समीर रिज़वी (6) आउट हो गए।

राव ने कहा, “दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी को देखकर लगा कि थोड़ी ओस भी थी। लेकिन लगातार चार ओवर में चार विकेट गिरना ही मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। इस फॉर्मेट में बैक-टू-बैक विकेट गिरना टीम के लिए हमेशा नुकसानदायक होता है।”

दिल्ली की टीम को संजू सैमसन की शानदार पारी का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। सैमसन ने 56 गेंदों में 115 रन बनाए, जबकि दिल्ली टीम ने उनका एक रन-आउट मौका और एक आसान कैच छोड़ दिया।

राव ने कहा, “ऐसा हो जाता है। यह लंबा टूर्नामेंट है और एक-दो खराब मैच हो सकते हैं। पहले तीन मैचों में हमने अच्छी फील्डिंग की थी, लेकिन इस मैच में स्ट्रैटेजिक टाइमआउट के बाद हमने रन-आउट का मौका गंवाया और उसी ओवर में सैमसन को जीवनदान दे दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “यह पूरी तरह से मोमेंटम का खेल है। हमने लगभग 15-20 रन ज्यादा दे दिए। 213 का पीछा करते समय अगर स्कोर 200 से कम होता तो मानसिक रूप से चेज करना आसान होता, खासकर इन परिस्थितियों में।”

संजू सैमसन की पारी पर राव ने कहा, “वह एक क्लास खिलाड़ी हैं। नए फ्रेंचाइज़ी के लिए बड़े रन बनाना उनके लिए अहम था और यह शतक उन्हें आगे के मैचों में आत्मविश्वास देगा। दुर्भाग्य से आज हम गलत पक्ष में थे।”