भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट मैच में क्यों नहीं खेल सकते राशिद खान!

अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने संकेत दिए हैं कि वह जून में मुल्लांपुर में भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच को मिस कर सकते हैं। इसकी वजह उनकी पीठ की सर्जरी के बाद डॉक्टरों की सलाह है, जिसमें उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट से दूर रहने को कहा गया है।

राशिद ने कहा कि भले ही भारत के खिलाफ टेस्ट खेलने का आकर्षण हो, लेकिन उनका पहला लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए खुद को फिट रखना है।

27 वर्षीय खिलाड़ी, जिन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के बाद लोअर बैक सर्जरी करवाई थी, ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें पारंपरिक (टेस्ट) फॉर्मेट से दूर रहने की सलाह दी है। इसके बावजूद उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट में 54 ओवर फेंके और 11 विकेट लिए थे।

राशिद ने कहा, “यह बहुत मुश्किल सवाल है। रेड-बॉल क्रिकेट मेरे लिए थोड़ा कठिन है, क्योंकि डॉक्टर ने सबसे पहले यही कहा था कि ‘आपको रेड-बॉल से दूर रहना होगा।’ फिर भी मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला था।”

उन्होंने आगे कहा, “डॉक्टर ने कहा था, ‘अगर आप क्रिकेट नहीं छोड़ना चाहते, तो रेड-बॉल फॉर्मेट से दूर रहो।’”

राशिद ने 2017 में टेस्ट स्टेटस मिलने के बाद अब तक अफगानिस्तान के 12 में से सिर्फ 6 टेस्ट मैच खेले हैं।

उन्होंने कहा, “वनडे मुझे पसंद है और मैं अफगानिस्तान के लिए लंबे समय तक खेल सकता हूं। लेकिन मुझे यह ध्यान रखना होगा कि मैं कितने मैच खेलूं और अपने शरीर पर ज्यादा दबाव न डालूं, ताकि लंबे समय तक खेल सकूं।”

भारत के खिलाफ टेस्ट मैच को लेकर उन्होंने अनिश्चितता जताते हुए कहा, “आप बहुत मुश्किल सवाल पूछ रहे हैं। मैंने हाल ही में एक टेस्ट खेला है, इसलिए मैं इसे आसान रखना चाहता हूं और खुद को वर्ल्ड कप के लिए तैयार करना चाहता हूं।”

उन्होंने अपनी चिंता भी जाहिर की, “अगर उस टेस्ट मैच में मेरी पीठ में फिर से चोट लग जाती है तो मैं आगे नहीं खेल पाऊंगा। टेस्ट क्रिकेट में ऐसा नहीं है कि मैं 100 मैच खेल सकूं। अगर साल में एक टेस्ट खेलता हूं, तो मैं 100 साल तक तो नहीं खेल सकता।”

राशिद के इस बयान से साफ है कि वह अपने करियर की लंबी उम्र और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए टेस्ट क्रिकेट से दूरी बना सकते हैं।