आईपीएल 2026: राशिद खान ने खराब दौर को पीछे छोड़ते हुए फिर पकड़ी लय!

2023 में पीठ की सर्जरी के बाद राशिद खान अब महसूस कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी लय फिर से हासिल कर ली है।

टी20 फॉर्मेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाने वाले राशिद का पिछला सीजन बेहद खराब रहा था, जहां उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए 15 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे। सर्जरी के बाद 2024 में भी वह अपनी लय पाने के लिए संघर्ष करते नजर आए थे।

इस दौरान उनके मन में भी लगातार डर बना रहा कि कहीं ज्यादा जोर लगाने पर फिर से चोट न लग जाए।

लेकिन बुधवार रात दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दमदार वापसी का संकेत दिया। राशिद ने अक्षर पटेल, समीर रिज़वी और नितीश राणा के अहम विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया, जिसे गुजरात ने आखिरकार एक रन से जीत लिया।

200 से ज्यादा रन वाले इस हाई-स्कोरिंग मैच में राशिद ने चार ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। खासतौर पर रिज़वी को डाली गई उनकी गुगली उन्हें सबसे ज्यादा संतोष देने वाली रही।

मैच के बाद राशिद ने अपने पिछले खराब सीजन को याद करते हुए कहा, “याद मत दिलाओ यार, बहुत बुरा सीजन था (2025)। लेकिन एक खराब सीजन का मतलब यह नहीं कि आप खत्म हो गए। यह सब लाइन और लेंथ पर निर्भर करता है।”

उन्होंने माना कि पिछले साल उनकी लाइन और लेंथ सही नहीं थी, लेकिन इस बार उन्होंने ज्यादा सोचने के बजाय अपनी बेसिक्स पर ध्यान दिया।

राशिद ने कहा, “यह एक नया साल है। मैंने पिछले आईपीएल के बाद कुछ महीने खुद को दिए और फिटनेस पर काम किया। सर्जरी के बाद मेरी पीठ थोड़ी परेशानी दे रही थी, लेकिन जब मैंने तीन महीने अच्छी ट्रेनिंग की, तो शरीर फिर से लय में आ गया।”

उन्होंने आगे बताया कि वह अपनी फिटनेस और कोर स्ट्रेंथ पर लगातार काम कर रहे हैं, जिससे उन्हें गेंदबाज़ी में पूरा रिदम मिल रहा है।

राशिद का मानना है कि ज्यादा वैरिएशन जोड़ने की जरूरत नहीं है। उनके अनुसार लेग ब्रेक, फ्लिपर और गुगली जैसे हथियार ही बल्लेबाज़ों को परेशान करने के लिए काफी हैं, बस उन्हें सही जगह पर डालना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “भाई, और क्या बढ़ाओगे? मैं लगातार अपनी लेग स्पिन, गुगली और फ्लिपर पर काम करता हूं। असली चुनौती सही एरिया में गेंद डालना है और मैं हर दिन बेहतर बनने की कोशिश कर रहा हूं।”

राशिद की यह वापसी गुजरात टाइटंस के लिए बड़े राहत की खबर है और आने वाले मैचों में टीम को उनसे और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।