
गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में कनाडा पर 82 रन की शानदार जीत के बावजूद अफगानिस्तान कैंप में माहौल भावुक था।
सुपर एट में जगह न बना पाने से ज्यादा, खिलाड़ियों की आंखों में अपने कोच जोनाथन ट्रॉट की विदाई का दर्द साफ नजर आ रहा था। यह अफगानिस्तान के लिए ट्रॉट का आखिरी मैच था।
यह टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की दूसरी जीत थी, लेकिन इससे पहले न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से हार के कारण टीम सुपर एट में नहीं पहुंच सकी।
ट्रॉट ने तीन साल से ज्यादा समय तक अफगानिस्तान के कोच के रूप में बेहतरीन काम किया। उनके कार्यकाल में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 2024 टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल तक पहुंचना भी शामिल था।
कनाडा के खिलाफ नाबाद 95 रन बनाने वाले इब्राहिम जादरान ने अपना प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड कोच ट्रॉट को समर्पित किया। यह टी20 वर्ल्ड कप में किसी अफगान बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था।
जादरान ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में आंसुओं के साथ कहा, “मैं यह अवॉर्ड कोच जोनाथन ट्रॉट को समर्पित करना चाहता हूं। उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया, हमें बहुत प्रोत्साहित किया। आईसीसी टूर्नामेंट्स में हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उसमें उनका बड़ा योगदान है। आज उनका हमारे साथ आखिरी दिन है। उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया। हम सभी उन्हें बहुत मिस करेंगे।”
अफगान कप्तान ने भी ट्रॉट को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “उनके साथ हमारे कई खूबसूरत पल रहे हैं। आज हम जहां हैं, उसमें उनका बहुत बड़ा हाथ है। उन्हें जाते देखना भावुक कर देता है, लेकिन यही जिंदगी है। हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि कहीं न कहीं फिर मुलाकात होगी।”
खुद ट्रॉट ने भी इस सफर को याद करते हुए कहा कि अफगानिस्तान के साथ बिताया समय उनके लिए बेहद खास रहा।
उन्होंने कहा, “एक खिलाड़ी और अब एक कोच के रूप में मेरे पास ढेर सारी यादें हैं और मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं। इसी मैदान पर पाकिस्तान को हराना, वर्ल्ड कप में पहली बार इंग्लैंड को हराना, सेंट विंसेंट में दो मैच — ये सब वर्ल्ड कप के खास पल हैं।
इसके अलावा द्विपक्षीय सीरीज में भी हमने कई ऐतिहासिक जीत दर्ज कीं — पाकिस्तान, बांग्लादेश को उनके घर में हराया, दक्षिण अफ्रीका को हराया। मैंने शानदार खिलाड़ियों और बेहतरीन इंसानों के साथ काम किया है। हर जगह सुधार की गुंजाइश है, लेकिन यह सफर शानदार रहा।”
44 वर्षीय ट्रॉट ने कहा कि वह अब कुछ समय का ब्रेक लेकर इन यादों को संजोना चाहते हैं।
“मैंने यहां का समय बहुत एन्जॉय किया है। आगे क्या होगा, पता नहीं। शायद कुछ दिन आराम करूंगा और फिर देखेंगे। काश हम अगले राउंड में भी खेल रहे होते।
मुझे हमेशा इंग्लैंड को अच्छा खेलते देखना पसंद है और उम्मीद है कि एक दिन मैं उस टीम को भी कोच कर सकूं जो मेरे दिल के बहुत करीब है। फिलहाल मैं कोचिंग का आनंद लेना चाहता हूं और अफगानिस्तान के साथ बिताए ये साल मेरे लिए हमेशा खास रहेंगे।”








