
मोहम्मद सिराज को कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन उस वक्त आया जब वह एक हफ्ते बाद स्पेन जाने की तैयारी कर रहे थे, जहां वह अपनी पसंदीदा टीम रियल मैड्रिड का मैच देखने वाले थे।
सिराज ने बताया, “दो दिन पहले सूर्या भाई ने कहा – ‘मियां बैग पैक कर और मुंबई आ जा।’ मैंने कहा – ‘भाई मज़ाक मत करो, ये तो होने वाला ही नहीं है।’ लेकिन उन्होंने कहा – ‘मैं सच बोल रहा हूं, तैयार हो जा।’
फिर (चयनकर्ता) प्रज्ञान ओझा भाई का भी फोन आया। जो ऊपरवाले ने लिखा है, उसे कोई बदल नहीं सकता।”
यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में तीन विकेट लेकर भारत की 29 रन की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद सिराज ने खुशी-खुशी अपनी वापसी की कहानी सुनाई।
फरवरी में हैदराबाद के लिए कुछ रणजी मैच खेलने बता सिराज ने कहा, “15 तारीख को रियल मैड्रिड का मैच था, जिसे देखने जाना था। उसके बाद रमज़ान भी था… लेकिन जो भगवान ने लिखा है वही होता है।”
टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रू ने जब उनसे मैसेज कर पूछा — “आगे क्या प्लान है?”
तो सिराज ने जवाब दिया — “अभी मैसेज मत करो, मैंने दो चार-दिवसीय मैच खेले हैं और मुझे आराम चाहिए। बाद में सोचूंगा आगे क्या करना है।”
सिराज को पहले से पता था कि वह टी20 वर्ल्ड कप की योजना में नहीं थे, इसलिए जब बुलावा आया तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, “फ्लाइट में बैठा तो सपना लग रहा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वर्ल्ड कप खेलूंगा। पिछले एक साल से उन्हीं खिलाड़ियों को मौके मिल रहे थे जो टीम का हिस्सा थे। मैं टी20 नहीं खेल रहा था, इसलिए समझ गया था कि मेरा नाम नहीं होगा।”








