
पाकिस्तान के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत और श्रीलंका में अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शाहीन बुधवार को ऑस्ट्रेलिया से वापस पाकिस्तान लौटने वाले हैं।
शाहीन को यह चोट बिग बैश लीग (BBL) में ब्रिस्बेन हीट की ओर से फील्डिंग करते समय घुटने में लगी। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उन्हें इलाज और रिहैबिलिटेशन के लिए लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर बुला लिया है।
इससे पहले 2021–22 में श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट मैच के दौरान भी फील्डिंग करते समय शाहीन के घुटने में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था। इस बार भी बीबीएल में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा।
पीसीबी के एक अधिकारी के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से बातचीत के बाद शाहीन को वापस बुलाने का फैसला लिया गया, क्योंकि शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया था कि उन्हें चोट से उबरने के लिए पूरा आराम चाहिए। बोर्ड के डॉक्टरों से जांच के बाद चोट की गंभीरता और रिकवरी में लगने वाले समय का आकलन किया जाएगा।
शाहीन ने सोशल मीडिया पर टूर्नामेंट बीच में छोड़ने की निराशा भी जाहिर की।
उन्होंने बीबीएल टीम की ओर से जारी बयान में कहा, “ब्रिस्बेन के लिए खेलते हुए मुझे बहुत मज़ा आया और इस बात का दुख है कि मैं टीम के साथ सीजन पूरा नहीं कर पाऊंगा। उम्मीद है कि मैं जल्द ही मैदान पर वापस लौटूंगा।”
शाहीन ने ब्रिस्बेन हीट के लिए चार मैच खेले, जिसमें उन्होंने 76.50 की औसत से सिर्फ दो विकेट लिए। अपने पहले मैच में उन्होंने दो फुल-टॉस गेंदें डाली थीं, जिसके बाद उन्हें अटैक से हटा दिया गया।
गौरतलब है कि चोट से पहले ही शाहीन को श्रीलंका के खिलाफ 7 से 11 जनवरी के बीच होने वाली तीन मैचों की टी20I सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में शामिल नहीं किया गया था।








